जिला कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सिरोही – (रमेश टेलर) जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति, जिला सिरोही की बैठक शुक्रवार को जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में समिति द्वारा पूर्व में दर्ज विभिन्न परिवादों पर सुनवाई की गई तथा जिले से जुड़े महत्वपूर्ण जनहित के विषय जिला कलेक्टर के समक्ष प्रमुखता से रखे गए।
बैठक में वीरेंद्र सिंह चौहान ने सिरोही शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, नव निर्मित कॉम्प्लेक्स में पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, फुटपाथों पर हो रहे अतिक्रमण एवं ट्रेसपास को हटाने, जिला मुख्यालय स्थित राजकीय चिकित्सालय में सरकारी योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध निशुल्क जांचों के स्थान पर मरीजों को निजी लैब में भेजे जाने की शिकायत जिला कलेक्टर ने सभी विषयों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने एवं जन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समिति ने जनहित के मुद्दों पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेने एवं सकारात्मक कार्रवाई का विश्वास दिलाने के लिए जिला कलेक्टर का आभार व्यक्त किया।

