रानीवाड़ा/ टीकम पाल ! राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार पंचायत समिति रानीवाड़ा की ग्राम पंचायत आजोदर में मंगलवार को ग्रामीण सेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर मौके पर ही निस्तारण किया और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिया। शिविर में तहसीलदार बाबू सिंह राजपुरोहित, खंड विकास अधिकारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह राजस्थान ग्रामीण विकास सेवा, बीसीएमओ गणपत चौधरी, ग्राम पंचायत प्रशासक विकास कुमार सोलंकी सहित राजस्व, स्वास्थ्य, पंचायती राज एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान पात्र परिवारों को आबादी भूमि के पट्टे वितरित किए गए। इसी क्रम में ग्राम आदरवाड़ा निवासी दिव्यांग लाभार्थी वसना राम पुत्र मोहनलाल जाति तुरी को भी आबादी भूमि का पट्टा प्रदान किया गया। पट्टा मिलने से उन्हें भूमि पर वैधानिक अधिकार प्राप्त हुआ। राजस्व विभाग द्वारा कुल 44 नाम शुद्धिकरण के प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। इसके साथ ही 32 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र भी जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में टीबी मरीज को पोषण किट वितरित की। साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। पंचायती राज विभाग द्वारा 5 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव पंचायत समिति रानीवाड़ा को भिजवाए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 1 उपयोगिता पूर्णता प्रमाण पत्र और 1 पूर्णता प्रमाण पत्र अगली किश्त जारी करने के लिए पंचायत समिति को प्रेषित किया गया। खंड विकास अधिकारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह राजस्थान ग्रामीण विकास सेवा ने शिविर के पश्चात ग्राम आजोदर में चल रहे ब्लॉक प्लांटेशन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति देखी और गुणवत्तापूर्ण पौधरोपण के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्रामीण सेवा शिविर में सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिला। ग्रामीणों ने शिविर में त्वरित समाधान मिलने पर प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
आजोदर में ग्रामीण सेवा शिविर: मौके पर निपटाए 44 नाम शुद्धिकरण प्रकरण, वितरित हुए पट्टे और प्रमाण पत्र

