खबर का असर: प्रशासन हरकत में आया, पुलिया पर कराया डामरीकरण… लेकिन क्या खत्म हुआ खतरा?

सिरोही – (रमेश टेलर) गोल पुलिया की बदहाल स्थिति उजागर होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिया पर डामरीकरण का कार्य शुरू कराया गया। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि यह केवल लीपापोती है, स्थायी समाधान नहीं।

ग्रामीण देवेंद्र सेन ने बताया कि खबर प्रकाशित होने के बाद जो कार्य कराया गया है, उससे ग्रामीण संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि पुलिया की मूल समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों व राहगीरों पर हादसे का खतरा लगातार मंडरा रहा है।

गौरतलब है कि पूर्व विधायक एवं मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा ने भी एक दिन पहले मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या कुछ डामर बिछा देने से पुलिया सुरक्षित हो गई, या फिर यह सिर्फ शिकायतों को दबाने की एक कोशिश है? ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिया की तकनीकी जांच कराकर स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

error: Content is protected !!