भैसवाड़ा-आहोर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा:
5 गंभीर घायलों को किया रेफर, मोड़ पर तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह; 10 वर्षीय बालिका और 3 वर्षीय मासूम भी घायल
आहोर। जालोर-आहोर मार्ग पर शुक्रवार को भैसवाड़ा और आहोर के बीच पेट्रोल पंप के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जालोर से आहोर की ओर आ रही एक निजी एंबुलेंस और आहोर से जालोर जा रही सवारियों से भरी निजी जीप की आमने-सामने टक्कर में 9 लोग घायल हो गए। घायलों में एक 10 वर्षीय बालिका और 3 वर्षीय मासूम भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से राजकीय अस्पताल, आहोर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद 5 गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
मोड़ पर हुई जोरदार भिड़ंत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा पेट्रोल पंप के पास बने मोड़ पर हुआ। बताया जा रहा है कि जालोर की ओर से आ रही निजी एंबुलेंस तेज गति में थी, जबकि दूसरी ओर से आ रही निजी जीप में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठी हुई थीं। मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिससे जीप में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
ये हैं गंभीर घायल
डायाराम पुत्र गजाराम मीणा (40), निवासी हरजी
पानाराम पुत्र समाराम मीणा (50), निवासी उम्मेदपुर
गलबाराम पुत्र भगाराम (35), निवासी अगवरी
मुकेश पुत्र रमजूजी मीणा (30), निवासी अगवरी
हकाराम पुत्र पुराराम मीणा (65), निवासी उम्मेदपुर
अन्य घायल
दुर्गा कुमारी (10), पुत्री डायाराम मीणा, निवासी हरजी
छगनलाल (46), पुत्र हकाराम मीणा, निवासी सियाणा
शंकरलाल (26), पुत्र हकाराम मीणा, निवासी सियाणा
दिलीप (3), पुत्र कालूराम मीणा, निवासी उम्मेदपुर
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही आहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना हादसे के संभावित कारण माने जा रहे हैं। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा।

