रानीवाड़ा पुलिस थाना में सीएलजी बैठक, शांति और सुरक्षा पर हुई चर्चा

रानीवाड़ा / टीकम पाल ! स्थानीय कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिस-जनता के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को रानीवाड़ा पुलिस थाना परिसर में सीएलजी सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक भवानी सिंह ने की, जबकि थानाधिकारी जीत सिंह ने बैठक का संचालन किया। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सीएलजी सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित जनों से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की। पुलिस उपाधीक्षक भवानी सिंह ने कहा कि त्योहारों और आगामी आयोजनों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति बनाए रखना प्राथमिकता है। उन्होंने सीएलजी सदस्यों से आह्वान किया कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही नशे के खिलाफ, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। थानाधिकारी जीत सिंह ने बैठक में बताया कि रानीवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा नियमित गश्त और नाकाबंदी की जा रही है। उन्होंने अवैध शराब, जुआ और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। बैठक में उपस्थित सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक के अंत में थानाधिकारी ने सभी का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र में सौहार्द्र एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

error: Content is protected !!