डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर संगोष्ठी, चित्रकला प्रतियोगिता हुई आयोजित

मेरा युवा भारत, जालोर द्वारा ग्राम पंचायत अजीतपुरा में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर संगोष्ठी, चित्रकला प्रतियोगिता एवं माय भारत पोर्टल पंजीकरण कार्यक्रम आयोजित!

जालोर । मेरा युवा भारत (माय भारत),जालोर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान एवं हितेश कुमार जिला युवा अधिकारी के निर्देशन में आहोर ब्लॉक की ग्राम पंचायत अजीतपुरा में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के उपलक्ष्य में संगोष्ठी, चित्रकला प्रतियोगिता एवं माय भारत पोर्टल पंजीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वयंसेवा के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें माय भारत पोर्टल से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन, उनके राष्ट्रवादी विचारों एवं देश की एकता और अखंडता के लिए दिए गए योगदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किशोर सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में शिवकुमार (वीडीओ), किमाराम मेघवाल एवं समाजसेवी मांगीलाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं को समाज एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा माय भारत पोर्टल के माध्यम से स्वयंसेवा की गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में स्वाती राजपुरोहित (शंखवाली) ने प्रथम, विमला कुमारी (दुधिया) ने द्वितीय तथा लक्ष्मी कुमारी (अजीतपुरा) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण भी किया गया तथा उन्हें स्वयंसेवा, कौशल विकास, नेतृत्व विकास एवं युवा सहभागिता से संबंधित विभिन्न अवसरों की जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के युवा, विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। अंत में श्री मनोहर सिंह युवा मंडल अध्यक्ष गुड़ारामा ने अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।

error: Content is protected !!