भजन संध्या में देर रात तक श्रद्धालुओं ने उठाया भजनों का आनंद, कलाकारों ने दी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां


शनिवार रात्रि आभार समारोह के साथ होगा त्रिदिवसीय महोत्सव का समापन


सिरोही | रमेश टेलर
जावाल में श्री नीलकंठ महादेव एवं श्री सांचीयाव माता के त्रिदिवसीय वार्षिकोत्सव के तहत शुक्रवार रात्रि भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ।
भजन संध्या में दिल्ली से आए मनोज रिया शर्मा एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक भजनों और देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों की प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक श्रद्धालु भजनों का आनंद लेते रहे। कलाकारों द्वारा सुसज्जित देवी-देवताओं की झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और प्रस्तुतियों पर खूब तालियां बटोरीं।
जावाल सहित आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालु देर रात तक भजन संध्या पांडाल में डटे रहे।


शनिवार को श्री नीलकंठ महादेव एवं श्री सांचीयाव माता मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद अमर ध्वजा के लाभार्थी शंकरलाल रावल परिवार के हाथों मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया गया।
मेले के लाभार्थी जैसाराम राजपुरोहित एवं वगताराम पुत्र भूराराम डावियार परिवार द्वारा महाभोग अर्पित कर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण शुरू किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यकर्ताओं ने “अतिथि देवो भवः” की भावना को सार्थक करते हुए श्रद्धालुओं के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं कीं।


इस दौरान सरे मंदिर से प्रेमनाथ जी महाराज, गोरखनाथ आश्रम, अम्बेश्वरजी से श्री शंभूनाथ जी महाराज, जावाल से रामगिरि जी महाराज, ईश्वर भारती जी महाराज, पूर्णगिरि जी महाराज, नरसिंह भगत तथा जामोतरा से अबूराज सोनू महाराज एवं भीगिरि जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का सानिध्य प्राप्त हुआ।
वार्षिकोत्सव में पहुंचे पूर्व विधायक संयम लोढ़ा का मेले के लाभार्थी परिवार द्वारा फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
शनिवार रात्रि को भजन संध्या के सभी भामाशाहों का आभार व्यक्त करने के कार्यक्रम के साथ त्रिदिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
पूरे आयोजन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। साथ ही कार्यकर्ता भी पूरी मुस्तैदी से अपनी सेवाएं देते नजर आए।

error: Content is protected !!