महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी बैठक आयोजित, भाजपा सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
जालोर। जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की बैठक शनिवार दोपहर 12:30 बजे राजीव गांधी भवन, जालोर में राष्ट्रीय सचिव शमा बानो के मुख्य आतिथ्य एवं जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कंवर की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव शमा बानो ने कहा कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आमजन महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे पर मौन है तथा प्रदेश सहित पूरे देश में महिलाओं पर अत्याचार एवं उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं विफलताओं को आमजन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। साथ ही जिला कार्यकारिणी को अधिक सक्रिय होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कंवर ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। खाद्य पदार्थों के साथ-साथ रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल तथा सोने के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आमजन, विशेषकर महिलाओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता के बीच प्रभावी ढंग से रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने किया।

बैठक को प्रदेश सचिव कामिनी शर्मा, प्रदेश सचिव गीता श्री मेघवाल, सायला ब्लॉक अध्यक्ष चंपा देवी, अल्पसंख्यक प्रदेश संयोजक सलीम मोयला तथा अमीन मोयला ने भी संबोधित किया।
बैठक में जालोर ब्लॉक अध्यक्ष शीला चौधरी, पार्वती जीनगर, नगराध्यक्ष जुबैदा नागोरी, संगीता विश्नोई, नेनू देवी मेघवाल, जिला कांग्रेस सोशल मीडिया के महेंद्र सोनगरा, पद्मावती, मधु कंवर, सुआ कंवर, रज्जब खोखर, रज्जब मोयला, मुख्तियार खान सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

