किसान की बेटी सरोज ने नीट-2026 में रचा इतिहास, गांव में जश्न


रानीवाड़ा/ टीकम पाल ! तहसील रानीवाड़ा के ग्राम रूपावटी खुर्द निवासी सरोज कुमारी सोलंकी पुत्री मोहनलाल सोलंकी ने नीट-2026 परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए चयन हासिल किया है। सरोज ने ऑल इंडिया रैंक 44,443 और कैटेगरी रैंक 1,255 प्राप्त की। यह उनका तीसरा प्रयास था। पहले प्रयास में उनकी रैंक लगभग 13 लाख थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। सरोज ने पिछले तीन वर्षों तक सीकर स्थित सीएलसी कोचिंग संस्थान में रहकर तैयारी की। किसान पिता मोहनलाल ने खेती कर तथा माता जतनादेवी और बड़ी बहन ने पशुपालन कर परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए सरोज की पढ़ाई का खर्च उठाया। परिणाम की सूचना मिलते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने सरोज का साफा पहनाकर स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने बताया कि सरोज गांव की पहली बालिका है जिसका मेडिकल शिक्षा के लिए चयन हुआ है। सरोज ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बड़ी बहन, शिक्षकों और सीएलसी कोचिंग को देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और धैर्य कभी व्यर्थ नहीं जाते।

error: Content is protected !!