जालोर 28 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बुधवार को जिले की 7 पंचायत समितियों में हो रहे जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे तथा जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया ने ग्राम चान्दराई एवं पादरली में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर तैनात मतदान दलों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस दौरान मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया गया। जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी गई। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया।
इस दौरान आहोर रिटर्निंग अधिकारी रोहित चौहान सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी-कार्मिक उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा मतदान केंद्रों का किया गया औचक निरीक्षण

