वणधर में डिस्कॉम कर्मी से मारपीट कर राजकार्य में बाधा, दो के खिलाफ मामला दर्ज

रानीवाड़ा/भीनमाल, 14 अक्टूबर। उपखंड के करड़ा डिस्कॉम उपखंड क्षेत्र के गांव वणधर में राजकीय कार्य कर रहे बिजली विभाग के तकनीकी सहायक के साथ मारपीट कर राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस थाना भीनमाल में दो जनों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

यह है मामला
पुलिस के अनुसार प्रार्थी वनीसिंह पुत्र रामनारायण मीणा उम्र 32 वर्ष निवासी सुरतपुरा तहसील सपोटरा जिला करौली हाल तकनीकी सहायक, सहायक अभियंता कार्यालय जोधपुर डिस्कॉम करड़ा ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि आज दिनांक 14.10.2026 को वह राजकीय ड्यूटी पर था और सुबह करीब 10 बजे ग्राम पंचायत भवन वणधर में उपभोक्ताओं के विद्युत मीटर की रीडिंग लेकर स्पॉट बिलिंग का कार्य कर रहा था।

इसी दौरान गांव के मनोज पुत्र संतोष व विनोद पुत्र संतोष जाति हरिजन निवासी वणधर पंचायत भवन में आए और बकाया बिजली बिल होने पर विभागीय आदेश से कनेक्शन काटने की रंजिश रखते हुए गाली-गलौज कर मारपीट करने लगे। आरोपियों ने थप्पड़-मुक्कों से मारपीट कर कॉलर पकड़कर कमीज के बटन तोड़ दिए, मोबाइल छीन लिया, स्पॉट बिलिंग मशीन छीनने का प्रयास किया तथा मोटरसाइकिल की चाबी भी छीन ली।

पीड़ित ने बताया कि वह डर के मारे मौके से भागकर पास में ही दिनेश तिवारी के घर में घुस गया, तब आरोपी वहां से चले गए। कुछ देर बाद आरोपियों के पिता ने मोबाइल व बाइक की चाबी लाकर वापस दी। इसके बाद भी आरोपी काले रंग की गाड़ी लेकर उसका पीछा करते हुए आए और गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस थाना भीनमाल में धारा 132, 121(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक बेनाराम को सौंपी गई है। मामले की जांच जारी है।

error: Content is protected !!