रानीवाड़ा से मुंबई तक फैला नेटवर्क, आम-मछली की आड़ में करते थे नशे का कारोबार
रानीवाड़ा/टीकम पाल। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए रानीवाड़ा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में घेराबंदी कर 160 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MDMA बरामद किया है। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
IG, ANTF राजस्थान विकास कुमार के अनुसार एएनटीएफ को पुख्ता सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर रानीवाड़ा रेलवे स्टेशन की तरफ आ रहे हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर स्टेशन से पहले ही जाल बिछाया। संदिग्ध हुलिए के दो व्यक्ति आते दिखे तो टीम ने घेराबंदी कर तलाशी ली। तलाशी में दोनों के पास से 160 ग्राम MDMA बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद स्थानीय पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी –
- मोहम्मद अबू ताहिर पुत्र सोंनागर शेख, उम्र 31 वर्ष
- पीलू शेख पुत्र दानेश शेख, उम्र 33 वर्ष
दोनों निवासी – दक्षिण पलसगाछी, थाना शाहबगंज, जिला साहेबगंज (झारखंड)
जांच में खुलासा – दोनों आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और अपने गांव में खेतीबाड़ी करते हैं। रोजगार के लिए मुंबई में रहकर सीजन में आम और ऑफ सीजन में टोकरियों में मछली बेचने का काम करते हैं। मुंबई में ही वे MDMA के नशे के आदी हो गए।
गांव के ही एक परिचित तस्कर ने उन्हें नशे की लत लगाई और बाद में 30 हजार रुपये किराए पर राजस्थान से MDMA लाने के लिए भेजा। आरोपियों ने पूर्व में भी राजस्थान से MDMA तस्करी की बात स्वीकार की है।
लगातार आना-जाना होने से राजस्थान के सप्लायर से उनका सीधा संपर्क हो गया। पिछले 2-3 महीनों से दोनों ने झारखंड के तस्कर को दरकिनार कर सीधे राजस्थान से माल खरीदना और मुंबई में आम-मछली की आड़ में MDMA बेचना शुरू कर दिया था।
टीम को मिलेगा सम्मान – इस कार्रवाई में एएनटीएफ टीम एवं पुलिस थाना रानीवाड़ा, जिला जालोर की सराहनीय भूमिका रही। IG विकास कुमार ने बताया कि कार्रवाई में शामिल सभी टीमों को ANTF मुख्यालय पर सम्मानित किया जाएगा।
अपील – महानिरीक्षक पुलिस ANTF ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना नियंत्रण कक्ष नंबर 0141-2502877 एवं व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

