सिरोही – (रमेश टेलर) देशभर में पेपर लीक और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध की गूंज अब सिरोही जिले के जावाल कस्बे तक पहुंच गई। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी की गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन भी किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उनका कहना था कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
इस दौरान पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं देते हैं, तो इसकी जवाबदेही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 152 पेपर लीक हुए हैं, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो, युवाओं को न्याय दो और पेपर लीक बंद करो” जैसे नारे लगाए।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी हिम्मत राम सुथार, जिला उपाध्यक्ष मोहनलाल सीरवी,नारायण सुथार, पुनीत अग्रवाल, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव हेमलता शर्मा, मंडल अध्यक्ष शैतान सिंह रावणा, प्रताप राम मंडवारिया, हनंवत सिंह मेड़तिया, समेत काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

