सिरोही। (रमेश टेलर) जिला पुलिस अधीक्षक पुपेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में सिरोही पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दक्षिण अफ्रीका से चोरी हुए दो पैराशूट रिंग कंटेनर जब्त किए हैं। दोनों कंटेनरों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को दक्षिण अफ्रीका के पुलिस स्टेशन डीए गामारकोप में दर्ज प्राथमिक जांच के संबंध में प्राप्त परिवाद पर कार्रवाई की गई। मामले में मैनपुर हवाई पट्टी पर एयर स्काई डाइविंग का कार्य करने वाली मैक्सन एवीएशन कंपनी द्वारा मैनपुर हवाई पट्टी पर एयर स्काई ड्राइविंग के दौरान उपयोग किए जाने वाले पैराशूट रिंग कंटेनरों की जांच की गई।
जांच के दौरान एयर स्काई ड्राइविंग के कथित स्वामित्व वाले दो पैराशूट रिंग कंटेनर संदिग्ध पाए गए। इनके संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर संबंधित व्यक्ति के पास कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिला।
पूछताछ में बताया गया कि एक पैराशूट दक्षिण अफ्रीका से तथा दूसरा ऑस्ट्रेलिया से लाया गया था। संबंधित व्यक्ति ने पूर्व में थाईलैंड, रूस, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड में अलग-अलग स्थानों पर एयर स्काई ड्राइविंग का कार्य करने की बात भी बताई।
पुलिस ने दोनों पैराशूट कंटेनरों को संदिग्ध/चोरी का होने की आशंका में धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त करने की कार्रवाई शुरू की है।
मामले की गंभीरता और अंतरराष्ट्रीय प्रकृति को देखते हुए सिरोही पुलिस इंटरपोल, दक्षिण अफ्रीका के संबंधित अधिकारियों तथा भारत के विदेश मंत्रालय से समन्वय स्थापित कर आवश्यक जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

