मिठाई में नाम, समाजसेवा में काम: जयंतिलाल पुरोहित ने 4 भाइयों संग पिता की स्मृति में स्कूल को समर्पित किया 13 लाख का विद्या कक्ष और मंच

रानीवाड़ा/ टीकम पाल ! “नाम कमाना है तो शिक्षा से कमाओ” पिता स्व. श्री पीराजी मोतीजी पुरोहित की इस सीख को चरितार्थ करते हुए गणगौर स्वीट्स ग्रुप के संचालक जयंतिलाल पुरोहित ने अपने भाइयों भंवरलाल पुरोहित, मोटाराम पुरोहित, नागजीराम पुरोहित और जैसाराम पुरोहित के साथ मिलकर सेवाड़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 13 लाख रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक “विद्या कक्ष” एवं भव्य मंच का निर्माण करवाकर विद्यालय प्रशासन को समर्पित किया। इस सामाजिक कार्य में पुरोहित परिवार की नई पीढ़ी के मोहनलाल, नरेन्द्रकुमार, सुरेन्द्रकुमार, अशोककुमार, जगदीशकुमार और हितेशकुमार ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा व समाजसेवा में योगदान के लिए जयंतिलाल पुरोहित को 15 अगस्त को उपखण्ड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित कर प्रतीक चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रानीवाड़ा श्रीमती मंजू प्रतिभा सहित प्रशासनिक अधिकारियों व स्थानीय शिक्षकों ने पुरोहित परिवार के इस सहयोग को सराहनीय बताते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में अनुकरणीय पहल कहा। नवनिर्मित विद्या कक्ष में अब सभी बच्चे लाइट, पंखे, अलमारी और बैठने की उचित व्यवस्था के साथ अध्ययन कर सकेंगे। वहीं नव निर्मित मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं व अभिभावक बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रधानाचार्य ने कहा कि सरकारी विद्यालय में इस स्तर की सुविधा मिलना गर्व की बात है। पुरोहित परिवार ने साबित किया है कि शिक्षा के लिए जाति और व्यवसाय से ऊपर उठकर सोचा जा सकता है। विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों व ग्रामीणों ने भी इस सहयोग की मुक्त कंठ से सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि जयंतिलाल ने मिठाई से नाम कमाया और अब शिक्षा से पूरे गांव का नाम रोशन किया है। समर्पण कार्यक्रम में जयंतिलाल पुरोहित ने कहा कि पिता की इच्छा थी कि गांव का हर बच्चा अच्छी शिक्षा प्राप्त करे, इसी उद्देश्य से यह कार्य किया गया है। परिवार ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और आगे भी विद्यालय के विकास, मेधावी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति व बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे !

error: Content is protected !!