सुमेरपुर में प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल, स्वतंत्रता दिवस पर सोशल मीडिया ब्लॉगर्स के सम्मान को लेकर विवाद

स्थानीय संवाददाता

सुमेरपुर/पाली ।स्वतंत्रता दिवस के उपखंड स्तरीय समारोह में सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ ब्लॉगर्स को ‘उत्कृष्ट कार्य’ के लिए सम्मानित किए जाने के बाद प्रशासन की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि सुमेरपुर में संभवत: पहली बार ऐसा देखने को मिला है, जब सोशल मीडिया पर निजी ब्लॉग चलाने वाले एक कांग्रेस नेता के बेटे को प्रशासनिक मंच से उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
चर्चा का विषय यह भी है कि जिसे सम्मानित किया गया, वो अपना निजी सोशल मीडिया ब्लॉग संचालित करता हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से विज्ञापन संबंधी गतिविधियां भी करते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि प्रशासन ने ‘उत्कृष्ट कार्य’ का मापदंड क्या तय किया था और किन आधारों पर इनका चयन किया गया?

क्या केवल सोशल मीडिया ब्लॉग चलाना उत्कृष्ट कार्य की श्रेणी में आता है

स्वतंत्रता दिवस जैसे गरिमामय राष्ट्रीय पर्व पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करने की परंपरा रही है। ऐसे में लोगों का सवाल है कि यदि सोशल मीडिया क्षेत्र में किसी व्यक्ति को सम्मान दिया गया है तो उसके उत्कृष्ट कार्य, सामाजिक योगदान, जनहित में किए गए कार्य या प्रशासनिक जागरूकता में भूमिका का स्पष्ट आधार भी सार्वजनिक होना चाहिए।
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, प्रशासनिक सहयोग और जनहित के क्षेत्र में वर्षों से काम कर रहे कई लोग मौजूद हैं। ऐसे में सोशल मीडिया ब्लॉगर्स के चयन की प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता जरूरी थी।
राजनीतिक दबाव के सामने प्रशासन के झुकने के आरोप
सम्मान को लेकर अब राजनीतिक प्रभाव और प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि प्रशासन राजनीतिक प्रभाव के सामने नतमस्तक नजर आ रहा है, जिसके चलते सम्मान जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों में भी निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों पर प्रशासन का पक्ष सामने आना भी जरूरी है।

चयन प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग

लोगों का कहना है कि प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मान के लिए क्या मापदंड निर्धारित किए गए थे, चयन समिति में कौन-कौन शामिल था और सोशल मीडिया के क्षेत्र में सम्मानित व्यक्तियों का उत्कृष्ट योगदान क्या रहा।

स्वतंत्रता दिवस का सम्मान केवल प्रमाण-पत्र या मंच पर सम्मान तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह समाज के लिए एक संदेश भी देता है। ऐसे में सम्मान चयन में पारदर्शिता, निष्पक्षता और स्पष्ट मापदंड होना बेहद जरूरी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन सवालों पर क्या स्पष्टीकरण देता है।

error: Content is protected !!