रामझरोखा से शहीद स्मारक तक गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश
सिरोही – (रमेश टेलर) भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 9 अगस्त को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
यात्रा की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा को लेकर भाजपा पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी एवं जिला महामंत्री तथा तिरंगा यात्रा जिला संयोजक गणपतसिंह राठौड़ मौजूद रहे।
बैठक में तिरंगा यात्रा को भव्य एवं सफल बनाने, अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा यात्रा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि 9 अगस्त रविवार को सुबह 9 बजे रामझरोखा परिसर में आमसभा आयोजित होगी। इसके पश्चात तिरंगा यात्रा रैली के रूप में रामझरोखा परिसर से प्रारंभ होकर आम्बेडकर सर्कल, भाटकड़ा कोर्ट, संपूर्णानंद कॉलोनी, नगर परिषद, सरजावाव दरवाजा, बग्गीखाना एवं पैलेस रोड होते हुए शहीद स्मारक पहुंचेगी।
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, एकता एवं अखंडता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में काफी संख्या भाजपा पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ता मौजूद रहें।

