पहली कक्षा के छात्र के साथ शिक्षक ने की मारपीट,पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने की कठोर कार्रवाई की मांग

हाउसिंग बोर्ड विद्यालय का मामला

सिरोही – ( रमेश टेलर) शहर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, विधायक हाउसिंग बोर्ड में पहली कक्षा में अध्ययनरत छात्र दीक्षित वैष्णव के साथ उसी विद्यालय के शिक्षक गजेंद्र सिंह द्वारा क्रूरता पूर्वक मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। मारपीट के कारण मासूम छात्र के शरीर पर चोटें आई हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक संयम लोढ़ा तत्काल छात्र दीक्षित वैष्णव के घर पहुंचे और बच्चे से मुलाकात कर उसकी स्थिति जानी। उन्होंने परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली, परिवार ने बताया की रात को 10 बजे थाने गए तो पुलिस ने कोई कार्यवाही नही की।
इसके बाद पूर्व विधायक संयम लोढ़ा छात्र एवं उसके परिजनों के साथ जिला पुलिस अधीक्षक, सिरोही से मिले और आरोपी शिक्षक के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। लोढ़ा ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष घटना को गंभीर बताते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि सिरोही के बच्चों के साथ इस प्रकार की क्रूरता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल डिप्टी को मुकदमा दर्ज करवाने, बच्चे का मेडिकल करवाने तथा आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात पूर्व विधायक संयम लोढ़ा छात्र दीक्षित वैष्णव एवं उसके परिवार को साथ लेकर जिला कलेक्टर, सिरोही से भी मिले उन्होंने जिला कलेक्टर के समक्ष घटना को गंभीरता से रखते हुए आरोपी शिक्षक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

error: Content is protected !!