आहोर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई आहोर द्वारा ‘अधिकतम सदस्यता दिवस’ के अवसर पर आहोर नगर एवं क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने परिषद की सदस्यता ग्रहण कर राष्ट्र निर्माण और सामाजिक दायित्वों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। परिषद कार्यकर्ताओं ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आहोर, संस्कार विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय आहोर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय अगवरी,सहित विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संपर्क किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को संगठन की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों की जानकारी दी गई।
इसके बाद इच्छुक विद्यार्थियों को सदस्यता दिलाई गई। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रमेश कुमार दर्जी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से परिषद से जुड़कर शिक्षा, समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में सहभागिता निभाने की अपील की। अभियान में पूर्व जिला संयोजक प्रवीण गर्ग, आहोर भाग संयोजक प्रवीण माली भैंसवाड़ा सहित अनेक परिषद कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि सदस्यता अभियान 21 अगस्त तक निरंतर जारी रहेगा। अभियान के सफल संचालन में सहयोग देने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार भी व्यक्त किया गया।
सदस्यता अभियान:एबीवीपी आहोर ने चलाया सदस्यता अभियान, संगठन की नीतियों के बारे में जानकारी दी

