कवराड़ा/आहोर ।(छगन मीणा)ग्राम पंचायत कवराड़ा की नव निर्वाचित सरपंच जमु देवी धर्मपत्नी श्री सोनाराम परमार ने आज विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण समारोह श्री श्री 1008 लक्ष्मणगिरी जी महाराज, रामदेवरा ट्रस्ट कवराड़ा के सानिध्य में एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ।
इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी पृथ्वी राज सिंह ने राजस्थान पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 25 के अंतर्गत सरपंच को पदभार ग्रहण करवाया और महाराज श्री का आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
पदभार ग्रहण करने के बाद नव निर्वाचित सरपंच श्रीमती जमू देवी ने महाराज श्री एवं समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने जो विश्वास और समर्थन दिया है, उस पर वे खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी।
उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान वे ग्राम के समग्र विकास, शिक्षा, चिकित्सा सुविधा, सड़क निर्माण एवं केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ कार्य करेंगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, वार्ड पंच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

