सिरोही – (रमेश टेलर) गोल गांव में श्री दाता सादुल सिंह जी एवं मालजी बावसी के 6वें वार्षिकोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय मेले में हजारों श्रद्धालुओं ने दाता धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और महाप्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ लिया। पूरे आयोजन के दौरान साधु-संतों का सान्निध्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। संतों के आशीर्वचनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आयोजन में पूर्व विधायक तथा गोपाल भाई कुमावत ने भी शिरकत कर आयोजन की सराहना की। रात्रि में आयोजित विशाल भजन संध्या में भजन कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा।
मेले में महाप्रसादी का चढ़ावा HMD ग्रुप की ओर से रखा गया। चढ़ावा लेने वाले भामाशाह का SSD ग्रुप द्वारा मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। आयोजन के दौरान SSD ग्रुप के कार्यकर्ताओं ने सेवा, व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जिम्मा संभालते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र बरलूट थाना पुलिस जाब्ता पूरे समय तैनात रहा। पुलिस के साथ SSD ग्रुप के स्वयंसेवकों ने भी भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया। मेले में लगे हाट-बाजारों में लोगों ने जमकर खरीदारी की, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।

