निकाय चुनाव 2026: नामांकन के आखिरी दिन सिरोही में सियासी संग्राम तेज, कांग्रेस-भाजपा ने जमा किए चुनावी सिंबल

35 वार्डों वाली सिरोही नगर परिषद में दिनभर रही गहमागहमी, प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ किया शक्ति प्रदर्शन

सिरोही – (रमेश टेलर) नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर सिरोही में सियासी सरगर्मियां अब तेज हो गई हैं। नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन सोमवार को सिरोही नगर परिषद के सभी 35 वार्डों में चुनावी दावेदारों और उनके समर्थकों का उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियों ने बड़ी संख्या में नामांकन पत्र दाखिल किए।
खास बात यह रही कि नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन कांग्रेस और भाजपा की ओर से पार्टी के अधिकृत चुनावी सिंबल भी रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष जमा करवाए गए। कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने चुनावी सिंबल प्रस्तुत किए, जबकि भाजपा की ओर से राज्यमंत्री ओटाराम देवासी और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने पार्टी के सिंबल जमा करवाए।


नामांकन के आखिरी दिन उमड़ा हुजूम
सोमवार सुबह से ही सिरोही उपखंड कार्यालय के आसपास प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ नजर आई। कई प्रत्याशी ढोल-नगाड़ों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे तो कई उम्मीदवार समर्थकों के साथ नारेबाजी और उत्साह के माहौल में नजर आए।
नामांकन स्थल के आसपास दिनभर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं और प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थन का शक्ति प्रदर्शन भी किया।
नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन कांग्रेस और भाजपा ने भी अपने अधिकृत चुनावी सिंबल रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष जमा करवाए।
दोपहर तीन बजे नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब सबसे ज्यादा नजर कांग्रेस और भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सूची पर है। पार्टी स्तर पर प्रत्याशियों के नामों को लेकर चल रही कवायद के बाद यह तस्वीर साफ हुई किस वार्ड से किसे अधिकृत उम्मीद वार बनाया गया।
वहीं टिकट से वंचित दावेदारों के बागी या निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरने की संभावना से भी चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।
टिकट वितरण के बाद सामने आने वाली नाराजगी और बगावत पर दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों की नजर रहेगी। इसके बाद ही सिरोही नगर परिषद चुनाव का मुकाबला और ज्यादा रोचक होने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!