वीर शिरोमणी दुर्गादास राठौड की जयंती पर IFWJ का जिला स्तरीय स्नेह मिलन समारोह

पत्रकारों की एकजुटता, संगठन की मजबूती और पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवाने पर जोर

सिरोही – (रमेश टेलर) वीर शिरोमणी दुर्गादास राठौड़ की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में पत्रकार संगठन इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) की ओर से सिरोही जिले का जिला स्तरीय स्नेह मिलन समारोह सरूपगंज के धनारी हाईवे स्थित निजी होटल में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में जिलेभर से पत्रकार साथियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक समाराम गरासिया, संगठन प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनवीर सिंह चुंडावत, सिरोही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान, प्रदेश सचिव एवं उदयपुर संभाग प्रभारी विक्रम सिंह करनोत , प्रदेश कोषाध्यक्ष नकुल शर्मा, भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष अशोक कुमावत के आतिथ्य में हुआ

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती,वीर शिरोमणी दुर्गादास राठौड़ के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

पत्रकार हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती जरूरी : उपेंद्र सिंह राठौड़

प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, पत्रकारों के हितों की रक्षा और पत्रकारों की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और समाज में निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। पत्रकार साथियों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करना होगा, ताकि किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर संगठन मजबूती से उसकी आवाज बन सके।

बदलते दौर में पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां : मनवीर सिंह चुंडावत

प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनवीर सिंह चुंडावत ने पत्रकारिता की शुरुआत के दौर से लेकर वर्तमान समय तक पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदला है और तकनीक एवं सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं।

पत्रकार सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु : समाराम गरासिया

स्थानीय विधायक समाराम गरासिया ने पत्रकारों की सक्रियता और जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार सरकार, प्रशासन और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जब कभी सरकार या जनप्रतिनिधियों से कोई भूल हो जाती है अथवा जनता की कोई समस्या हमारे संज्ञान में नहीं आ पाती, तो पत्रकार अपनी खबरों के माध्यम से उन समस्याओं को सरकार एवं प्रशासन के सामने लाते हैं।
.कार्यक्रम के दौरान विधायक समाराम गरासिया ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवाने की मांग को लेकर अपनी ओर से लिखित पत्र प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ को सौंपा।

30 वर्षों तक घोड़े की पीठ पर बैठकर संघर्ष किया : विक्रम सिंह करनोत

प्रदेश सचिव एवं उदयपुर संभाग प्रभारी विक्रम सिंह करनोत ने वीर शिरोमणी दुर्गादास जी के जीवन, संघर्ष और वीरता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वीर दुर्गादास जी ने अजीत सिंह की रक्षा के लिए अपना जीवन संघर्ष में समर्पित कर दिया। उन्होंने मेवाड़ से लेकर सिरोही तक उनके संघर्ष और प्रवास से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों की जानकारी दी तथा उन स्थानों का उल्लेख किया जहां वीर दुर्गादास जी ने प्रवास किया और ठहरकर अपने संघर्ष को आगे बढ़ाया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकार समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकार अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य से पीछे नहीं हटते। अपनी विश्वसनीयता, त्याग और समर्पण के साथ आमजन की समस्याओं को सामने लाकर समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने जिले के पत्रकारों की सक्रियता एवं सकारात्मक पत्रकारिता की सराहना की

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, संगठनात्मक मजबूती, पत्रकार हितों की रक्षा, पत्रकार सुरक्षा कानून तथा भविष्य में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

समारोह का माहौल स्नेह, सौहार्द और पत्रकार एकजुटता से ओत-प्रोत रहा। अंत में अतिथियों एवं सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा जनहित एवं पत्रकारिता के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के साथ संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान जिले भर से आए पत्रकार मौजूद रहे।

error: Content is protected !!