रानीवाड़ा (टीकम पाल) साक्षी स्तंभ सोशल वेलफेयर फाउंडेशन, कागमाला के तत्वावधान में पुणे के हयात होटल में आयोजित “राजस्थानी प्रवासी स्नेह मिलन” एवं “एक कदम शिक्षा के लिए” अभियान में जालौर के कागमाला स्थित “श्रीमती ज्योति देवी केसाजी प्रजापत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय” चर्चा का मुख्य विषय रहा। भामाशाह जितेंद्र प्रजापत ने अपनी माताजी की स्मृति में इस विद्यालय में लगभग 5 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक द्विमंजिला भवन निर्माण की जानकारी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने भामाशाहों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों को उत्कृष्ट बनाने में प्रवासियों की भूमिका अहम है। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य नारायण लाल जीनगर को उनके नवाचारों एवं सराहनीय प्रयासों के लिए शिक्षा मंत्री द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में साक्षी फाउंडेशन ने सिरोही और जालौर जिले के 5 राजकीय विद्यालयों के मरम्मत व आधारभूत विकास की जिम्मेदारी लेने की घोषणा की। वहीं भामाशाह दिनेश प्रजापत ने अपने पैतृक गांव के विद्यालय के विकास का संकल्प लिया। समारोह में समग्र शिक्षा की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय राजस्थानी प्रवासी कार्य विभाग की आयुक्त डॉ. मनीषा अरोड़ा, समग्र शिक्षा के अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक डॉ. अशोक कुमार मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, नेपाल सिंह देवल, मगराज राठी, वोराराम सीरवी और बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने “एक कदम शिक्षा के लिए” के तहत गांवों के विद्यालयों के विकास में सहयोग का संकल्प लिया।
पुणे में प्रवासी मिलन: भामाशाह ने कागमाला विद्यालय को दिया 5 करोड़ का नया भवन, प्रधानाचार्य जीनगर सम्मानित

