सिरोही – (रमेश टेलर) शिवगंज नगर कांग्रेस की बैठक आयोजित हुई जिसमें पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने शिवगंज नगर कांग्रेस कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुये कहा कि, इतनी बड़ी संख्या में संगठन के प्रति आपका समर्पण यह विश्वास दिलाता है कि यदि हम सभी एकजुट होकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें, तो आगामी नगर निकाय चुनाव में शिवगंज के सभी 35 वार्डों में विजय प्राप्त करना कोई असंभव लक्ष्य नहीं है।
चुनाव केवल नारों से नहीं जीते जाते, बल्कि मजबूत संगठन, जनसंपर्क, विश्वसनीय नेतृत्व और जनता के विश्वास से जीते जाते हैं। आज से ही हमें चुनावी तैयारी प्रारम्भ करनी होगी। हमें प्रत्येक वार्ड के लिए अलग रणनीति बनानी होगी, प्रत्येक परिवार तक पहुँचना होगा और प्रत्येक मतदाता के विश्वास को जीतना होगा।
हमारा पहला लक्ष्य होना चाहिए कि प्रत्येक वार्ड में एक सशक्त टीम तैयार हो। वार्ड अध्यक्ष, बीएलए, बूथ कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और वरिष्ठ कांग्रेसजन मिलकर एक संयुक्त टीम के रूप में कार्य करें। प्रत्येक बूथ की नियमित बैठक हो, मतदाता सूची का अध्ययन हो, नए मतदाताओं से संपर्क हो तथा प्रत्येक परिवार तक कांग्रेस का संदेश पहुँचे।
हमें जनता से केवल वोट नहीं माँगने हैं, बल्कि यह विश्वास दिलाना है कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को सुनने, समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने वाली पार्टी है। हमें किसी के प्रति कटुता नहीं रखनी है। हमारा व्यवहार सकारात्मक, संयमित और जनहित केंद्रित होना चाहिए। जनता को यह महसूस होना चाहिए कि कांग्रेस केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहने वाली पार्टी है।
इस दौरान में काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

