प्रधानमंत्री मोदी ने किया ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का वर्चुअल शुभारंभ

10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाने का लक्ष्य

सिरोही – (रमेश टेलर) आबूरोड में ब्रह्माकुमारीज़ मुख्यालय शांतिवन के डायमंड हॉल में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में देशभर के 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठन, हजारों शिक्षण संस्थान और एक करोड़ से अधिक युवा ऑनलाइन जुड़े। प्रधानमंत्री ने सभी आध्यात्मिक संगठनों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि अगले 100 सप्ताह तक सभी संगठन मिलकर कार्य करें तो देश में बड़ा सकारात्मक बदलाव संभव है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से हर प्रकार के नशे से दूर रहने और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने हाथ उठाकर जीवनभर किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर राजस्थान सरकार के पंचायती राज मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि नशा समाज और परिवार के विनाश का कारण है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को सही दिशा देने के लिए आध्यात्मिकता सबसे प्रभावी माध्यम है और पूरे देश को नशामुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

कार्यक्रम में सांसद लुंबाराम चौधरी, ब्रह्माकुमारीज़ के महासचिव बीके करुणा भाई, अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई, संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके सुदेश दीदी तथा मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसी लाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि 2 से 20 अगस्त तक देशभर में विशेष नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान चलाया जाएगा, जिसमें 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक समाराम गरासिया,सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, ब्रह्माकुमारीज़ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!