रानीवाड़ा / टीकम पाल ! जिला अध्यक्ष श्रीमती रमीला मेघवाल के निर्देशानुसार नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए 150 से अधिक कथित पेपर लीक मामलों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ब्लॉक कमेटी रानीवाड़ा ने राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वरधाराम माली के नेतृत्व में उपखण्ड अधिकारी रानीवाड़ा के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में कहा गया कि इन घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य, परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े किए हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित 150 से अधिक पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच कराकर दोषी व्यक्तियों और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा लिया जाए। दिल्ली में इस मुद्दे को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लिया जाए। इस गंभीर विषय पर संसद में विस्तृत चर्चा कराकर परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देश के छात्रों से इस प्रकरण पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष वरधाराम माली, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अंबाल चितारा, चन्दन सिंह, अशोक कुमार राणा, पालसमल, केवलचन्द, ग्राम पंचायत सिलासन सरपंच मंजू देवी, सिलासन प्रशासक सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रानीवाड़ा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ब्लॉक अध्यक्ष वरधाराम माली ने कहा कि देश के करोड़ों छात्रों के हितों, उनके विश्वास तथा शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर शीघ्र एवं न्यायपूर्ण कार्रवाई की जानी चाहिए। ज्ञापन मंगलवार को उपखण्ड अधिकारी कार्यालय रानीवाड़ा में प्रस्तुत किया गया।
पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, कांग्रेस ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

