भीषण अकाल को लेकर सरकार गंभीर नहीं, तुरंत राहत कार्य व चारा डिपो खोले : संयम लोढ़ा

सिरोही (रमेश टेलर) पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार एवं पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने राजस्थान में पड़े भीषण अकाल को लेकर राज्य सरकार पर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आमजन और पशुधन अकाल की स्थिति से त्राहि-त्राहि कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक न तो अकाल राहत कार्य शुरू किए गए हैं और न ही चारा डिपो स्वीकृत किए गए हैं।

लोढ़ा भील समाज, सोडा परगना 27 गांव की ओर से आयोजित श्री पिसवानिया महादेव मंदिर के वार्षिक मेले में उपस्थित विशाल जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के सामने रोजगार और पशुधन के लिए चारे की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। ऐसे में सरकार को तत्काल प्रभाव से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू करने चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार को बिना किसी देरी के गिरदावरी का कार्य पूर्ण करवाकर अकाल प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित करना चाहिए तथा अकाल राहत कार्य एवं चारा डिपो खोलने की घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर राहत नहीं मिलने से ग्रामीणों और पशुपालकों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

लोढ़ा ने कहा कि अकाल की स्थिति में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह आमजन और पशुधन को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने राहत कार्य एवं चारा डिपो खोलने में विलंब किया तो कांग्रेस पार्टी आमजन और पशुपालकों के हित में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं समाजबंधुओं ने भाग लिया। इस दौरान धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक एवं जनहित के विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।

error: Content is protected !!