आ रहे हैं विघ्नहर्ता… 25 साल मंडल स्थापना के पूरे होने पर रोडला में गूंजेगा गणपति का जयकारा

तीन दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में — रंग-बिरंगी रोशनी से सजा रोडला का मुख्य आमचौहटा, भव्य शोभायात्रा से होगा गणपति का आगमन,
मुंबई, अहमदाबाद, पुणे सहित देश के विभिन्न शहरों में बसे रोडला के प्रवासी बंधु भी होंगे शामिल:

रोडला।(सुरेश गर्ग) गणेश चतुर्थी के पावन पर्व को लेकर रोडला में इस बार भक्ति, आस्था और उल्लास का भव्य संगम देखने को मिलेगा। श्री गणपति शिवशक्ति मित्र मंडल मुंबई-अहमदाबाद-पुणे-रोडला के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंडल कार्यकर्ताओं ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
महोत्सव के दौरान रोडला का आम चौहटा, मुख्य बाजार, प्रमुख मार्ग एवं गणेश पांडाल रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएंगे। गणपति उत्सव में मुंबई, अहमदाबाद, पुणे सहित विभिन्न शहरों में रहने वाले रोडला के प्रवासी व्यापारी एवं बंधु भी विशेष रूप से शामिल होकर धार्मिक आयोजनों का आनंद लेंगे।
मंडल के संरक्षक मुकेश सिंह राठौड़ ने बताया कि गणेश चतुर्थी को श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाने को लेकर मंडल कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शोभायात्रा के मार्ग, श्रद्धालुओं की सहभागिता, अनुशासन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

14 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा:
गणेश चतुर्थी के दिन 14 सितंबर सोमवार को सुमेरपुर से गजानंद महाराज की प्रतिमा को धूमधाम से रवाना किया जाएगा। इसके बाद विशाल शोभायात्रा कोसेलाव, पावा, गुड़ा इन्द्रपुरा होते हुए रोडला के मुख्य बाजार से आम चौहटा स्थित गणेश पांडाल पहुंचेगी। यहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ गणपति स्थापना की जाएगी।
रात में सजेगी भक्ति की महफिल
14 एवं 15 सितंबर की रात्रि को सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिल्ली के प्रसिद्ध झांकी कलाकारों द्वारा विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। वहीं नृत्य कलाकारों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा रोडला गणपति भक्ति में सराबोर रहेगा।
16 सितंबर को निकलेगा विशाल वरघोड़ा, होगा गणपति विसर्जन
महोत्सव के अंतिम दिन 16 सितंबर बुधवार को विशाल वरघोड़े के साथ गणपति विसर्जन किया जाएगा। वरघोड़ा आम चौहटा जैन मंदिर से हनुमान मंदिर, मुख्य सड़क मार्ग, महादेव मंदिर, ठाकुरजी मंदिर, मुख्य सड़क एवं मीणों का वास होते हुए चौपानाडी रोडला पहुंचेगा।
डीजे की धुन पर भक्तिगीतों के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते और गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते हुए विसर्जन यात्रा में शामिल होंगे।

25वीं वर्षगांठ पर यादगार बनेगा गणेश उत्सव:
श्री गणपति शिवशक्ति मित्र मंडल के 25 वर्ष पूर्ण होने के कारण इस बार गणेश चतुर्थी महोत्सव को विशेष रूप से भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। तीन दिनों तक रोडला में धार्मिक उत्साह, भक्ति और उल्लास का माहौल रहेगा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
मंडल के संरक्षक मुकेश सिंह राठौड़ ने सभी श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों से महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर गणपति उत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया।

error: Content is protected !!