भाजपा ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य वाहन रैली

रामझरोखा से शहीद स्मारक तक गूंजा भारत माता के जयकारों से शहर

सिरोही – (रमेश टेलर) भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशव्यापी हर घर तिरंगा अभियान के तहत रविवार को सिरोही शहर में भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया। रामझरोखा से प्रारंभ हुई विशाल वाहन रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक पहुंची, जहां राष्ट्र के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए संकल्प लिया। रैली में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी की मौजूदगी रही, जबकि तिरंगा यात्रा अभियान के जिला संयोजक गणपतसिंह राठौड़ के नेतृत्व में वाहन रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ देशभक्ति का संदेश दिया।
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, एकता एवं अखंडता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकाल कर लोगों को गुमराह करने का काम किया था आने वाले समय मे उनके सवालों का उचित जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो चश्मा पहना है उतार कर देखे ढाई साल में 1500 करोड़ रुपए सिरोही विधानसभा सभा मे विकास कार्यो के लिए लाए है उनको अपने चश्मे का नम्बर बदलना चाहिए।
राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घर पर झंडा लगाने का कार्यक्रम नहीं है, यह देशभक्ति को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हर घर पर तिरंगा लहराए और हर दिल में भारत के प्रति गर्व की भावना जागृत हो।
तिरंगा अभियान में भाजपा पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ता व काफी संख्या शहर वासी शामिल हुए।

error: Content is protected !!