सिरोही – (रमेश टेलर) नगर परिषद सिरोही में ठेका प्रणाली के तहत कार्यरत सफाई कर्मचारियों की लंबित मजदूरी को लेकर पिछले 22 दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन के बीच गुरुवार को पूर्व विधायक संयम लोढ़ा धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं सुनने के बाद नगर परिषद आयुक्त को मौके पर बुलाकर तत्काल समाधान की मांग की।
धरना स्थल पर पूर्व विधायक लोढ़ा ने आयुक्त से कहा कि जब तक सफाई कर्मचारियों के भुगतान की स्पष्ट व्यवस्था नहीं होती, तब तक वे यहां से नहीं उठेंगे। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने वाले कर्मचारियों को महीनों तक मजदूरी से वंचित रखना पूरी तरह अनुचित है।
आयुक्त ने बताया कि सफाई ठेकेदार का नगर परिषद पर सात माह का भुगतान बकाया है। इसके बावजूद कर्मचारियों को राहत देने के लिए ठेकेदार के खाते में एक माह का भुगतान जारी कर दिया गया है, जिससे कर्मचारियों का वेतन दिया जाएगा। इस पर संयम लोढ़ा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े कर्मचारियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार जारी रहा तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वे मामले को उस स्तर तक नहीं ले जाना चाहते, लेकिन आवश्यकता पड़ी तो कानूनी रास्ता भी अपनाया जाएगा।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद नगर परिषद आयुक्त ने सोमवार तक सफाई कर्मचारियों के लंबित भुगतान का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने भरोसा जताते हुए प्रशासन को समय दिया।
पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि 22 दिनों से जारी हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाया कि सफाई, सड़क, सीवरेज, रोडलाइट, आवारा पशुओं सहित शहर की अनेक मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि जनता को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए और कर्मचारियों की जायज मांगों का तत्काल समाधान करे।
इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पुनीत जैन, उपसभापति जितेंद्र सिंघी, ईश्वर सिंह डाबी, हनुमंत सिंह देवड़ा, मारूफ हुसैन, जितेंद्र ऐरेन, दशरथ नरुका, मनोज पुरोहित, समेत काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, सफाई कर्मचारी व नगर वासी मौजूद रहें।

