सिरोही – (रमेश टेलर) मानसून की पहली बारिश ने ही शिवगंज सुमेरपुर को जोड़ने वाले गोल नदी पर बनी पुलिया की मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिया का एक हिस्सा एक तरफ से धंसना शुरू हो गया है, जिसका दृश्य फोटो और वीडियो में साफ देखा जा सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया का यह हिस्सा उद्घाटन के कुछ समय बाद ही पहली बारिश में प्रभावित हो गया। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी जांच और मरम्मत नहीं कराई गई, तो लगातार बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा सकता हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पुलिया का तत्काल निरीक्षण कर तकनीकी जांच कराने और आवश्यक मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।

