रानीवाड़ा / टीकम पाल । समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण पेश करते हुए दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच में निरीक्षक के पद पर कार्यरत भामाशाह खेता रामजी डाभी ने अपने पैतृक गांव मोखातरा पहुंचकर बच्चों के लिए प्रेरणादायी पहल की। डाभी ने गांव के दो प्रमुख विद्यालयों – राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोखातरा और सरस्वती उच्च माध्यमिक विद्यालय मोखातरा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए खेल पोशाक भेंट की। कार्यक्रम का आयोजन दोनों विद्यालयों में अलग-अलग किया गया, जिसमें स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों की बड़ी मौजूदगी रही। इस दौरान बच्चों को संबोधित करते हुए निरीक्षक डाभी ने कहा कि “शिक्षा के साथ-साथ खेल भी उतना ही जरूरी है। खेल से हमारे अंदर अनुशासन आता है, टीम भावना और एकता बढ़ती है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख मिलती है। मैं चाहता हूं कि हमारे गांव के बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ें और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करें।” उन्होंने बच्चों से नियमित अभ्यास करने और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर गांव का प्रतिनिधित्व करने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और अभिभावक उपस्थित थे। नई खेल पोशाक पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। कई बच्चों ने कहा कि अब वे और मेहनत से खेलेंगे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने भामाशाह खेता रामजी डाभी का साफा पहनाकर, माला अर्पित कर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों ने एक स्वर में डाभी के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह कदम गांव के अन्य भामाशाहों और युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा। ग्रामीणों का मानना है कि इस तरह के सहयोग से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा और गांव में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
पुलिस निरीक्षक व भामाशाह खेता राम डाभी की पहल, मोखातरा के बच्चों को मिली खेल पोशाक

