कैलाशनगर। राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कैलाशनगर पंचायत समिति शिवगंज में गुरुवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सम्भागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी, कार्यवाहक उपखण्ड अधिकारी शिवगंज आसुराम नायक, प्रधान प्रतिनिधि विशन सिंह देवड़ा, मंडल अध्यक्ष मोहनलाल पुरोहित, नायब तहसीलदार चन्द्रप्रकाश चारण, पंचायत प्रसार अधिकारी मोहनलाल, भू-अभिलेख निरीक्षक, भुराभाई चौहान, पटवारी रिछपाल सिंह, गोपाल सिंह देवड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान राजस्व विभाग द्वारा शुद्धि के 560 प्रकरण, विभाजन के 12 प्रकरण तथा राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम की धारा 136 के 5 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं ग्राम पंचायत द्वारा पात्र लाभार्थियों को 45 आवासीय पट्टे जारी किए गए।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित निराकरण किया तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों को आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

