रानीवाड़ा /टीकम पाल। एकल अभियान संच रानीवाड़ा की आचार्य मासिक बैठक शनिवार को स्थानीय आदर्श विद्या मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विप्र सेना जिलाध्यक्ष भाणाराम बोहरा, संच समिति के विशिष्ट सदस्य महेश चौहान एवं राजेश रोहीण ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। मुख्य अतिथि भाणाराम बोहरा ने कहा कि ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में एकल विद्यालय शिक्षा के साथ संस्कारों की जो अलख जगा रहे हैं वह अद्वितीय है। उन्होंने आचार्यों के समर्पण को नमन करते हुए हरसंभव सहयोग का विश्वास दिलाया। तकनीकी सत्र में संच प्रमुख आसुराम ने पिछले कार्यों का फीडबैक लिया तथा आगामी पाठ्यक्रम, जीकेवी उपस्थिति पत्रक एवं प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। अंचल गतिविधि प्रमुख गिरधारी राम ने विगत माह की गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण का आह्वान किया। बैठक का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ। बैठक में संच समिति सदस्य महेश चौहान, राजेश रोहीण, मसराराम, संच प्रमुख आसुराम, अंचल गतिविधि प्रमुख गिरधारी राम सहित संच के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आचार्य भाई-बहनें उपस्थित रहे। बैठक के पश्चात आचार्या बहनों ने रानीवाड़ा पुलिस थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर राखी बांधी और रक्षाबंधन मनाया।
रानीवाड़ा में एकल विद्यालय संच की मासिक बैठक संपन्न, पुलिस थाने में मनाया रक्षाबंधन

