सिरोही (रमेश टेलर) बरलूट थाना क्षेत्र के जावाल गोल सड़क मार्ग पर खेत में 165 पावर ग्रिड टावर लगाने का कार्य करते समय शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। वायर खींचने के दौरान तीन श्रमिक नीचे गिर गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के समय तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल सिरोही पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दो श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल एक अन्य श्रमिक को प्राथमिक उपचार के बाद पालनपुर रेफर किया गया, लेकिन वहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मुरसलीम, पंचु शेख और राहुल एस. के रूप में हुई है। तीनों श्रमिक पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और टावर निर्माण कार्य में लगे हुए थे।
घटना की सूचना पर बरलूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों शवों को जिला अस्पताल सिरोही की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
खेत मे हाईवोल्टेज टावर कार्य के दौरान हादसे में3 श्रमिकों की मौत

