अमृत देवासी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर गृह मंत्री भारत सरकार के नाम ज्ञापन प्रेषित

जालोर । शिव सेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जालोर की ओर से बहुचर्चित अमृत देवासी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा जांच में हुई कथित लापरवाही के विरुद्ध गृह मंत्री भारत सरकार के नाम जिला कलेक्टर जालोर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि भैंसवाड़ा निवासी अमृत देवासी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया था। घटना को लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार एवं क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मृतक का मोबाइल फोन बरामद होने के बावजूद उसकी फॉरेंसिक रिपोर्ट अब तक प्राप्त नहीं होना जांच प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

शिव सेना ने कहा कि मृतक के वृद्ध माता-पिता पिछले तीन वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा में विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है। लगातार विलंब के कारण परिवार मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक पीड़ा झेल रहा है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में गृह मंत्री से मांग की गई है कि अमृत देवासी हत्याकांड की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाई जाए, प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, मोबाइल की फॉरेंसिक रिपोर्ट तत्काल प्राप्त कर जांच में शामिल किया जाए तथा जांच में हुई लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।

इस अवसर पर मोरखी देवी, मंगलाराम, मसरी देवी, मोडाराम, गजाराम, रति देवी, मेथी देवी एवं राधा देवी सहित अन्य ग्रामीण एवं शिव सैनिक उपस्थित रहे।

शिव सेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जालोर ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से जनआंदोलन को और व्यापक करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

error: Content is protected !!