चरली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


जालोर, 11 जुलाई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जालोर इकाई ने ग्राम चरली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर कथित पक्षपात और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जिला प्रमुख रूपराज पुरोहित के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम चरली, तहसील आहोर में अतिक्रमण के संबंध में करीब 420 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कार्रवाई केवल एक परिवार के मकान पर बुलडोजर चलाकर की गई। इससे ग्रामीणों में कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं तथा राजनीतिक दबाव में कार्रवाई किए जाने की आशंका जताई गई है।


ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की एडीएम स्तर के अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही राजस्व रिकॉर्ड, सीमांकन, नक्शों एवं बसावट से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।
शिवसेना जिला प्रमुख रूपराज पुरोहित ने कहा कि चरली एक पुरानी एवं स्थापित बस्ती है, जहां लोग वर्षों से निवास कर रहे हैं। ऐसे में किसी एक व्यक्ति को निशाना बनाकर कार्रवाई करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में किसी जनप्रतिनिधि, अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि भविष्य में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बिना किसी भेदभाव के सभी प्रभावित व्यक्तियों पर समान रूप से लागू की जाए। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने प्रशासन से मामले में शीघ्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई कर ग्रामीणों को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रमुख रूपराज पुरोहित, जालोर शहर प्रमुख मिश्रीमल, शहर उप प्रमुख पुनमाराम, शहर सचिव कैलाश माली, जिला कार्यकारिणी सदस्य गणेश बाजक, राणाराम देवासी, कमलेश माली सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!