सिरोही, 14 जुलाई। सिरोही पुलिस ने पत्नी की हत्या कर उसे प्राकृतिक मौत (हार्ट अटैक) का रूप देने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस थाना बरलूट की टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को मृतका पूनम कंवर के भाई भारतसिंह राजपूत ने दहेज प्रताड़ना के बाद हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इससे पहले मृतका के पति गजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया था कि उदयपुर से लौटते समय रास्ते में उसकी पत्नी की मौत हार्ट अटैक से हुई है। वहीं मृतका के चचेरे भाई ने भी मौत पर संदेह जताते हुए मर्ग दर्ज करवाई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि पूनम कंवर की हत्या उसके पति गजेंद्र सिंह ने ही की थी और बाद में उसे हार्ट अटैक से हुई प्राकृतिक मौत बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
पत्नी की हत्या कर प्राकृतिक मौत का रूप देने वाला पति गिरफ्तार

