विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने किया शुभारंभ
आहोर, 12 जुलाई । क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उप जिला अस्पताल आहोर में 13.60 लाख रुपये की लागत से स्थापित नई सोनोग्राफी मशीन का लोकार्पण विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने किया।

इस मशीन की उपलब्धता से अब क्षेत्र के मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध जांच सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी, जिससे उन्हें अन्य शहरों की अनावश्यक दौड़-धूप से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ अपने क्षेत्र में ही मिल सके।
कार्यक्रम में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूरणमल मुनोत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नई सोनोग्राफी मशीन की उपयोगिता एवं अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
इस दौरान निवर्तमान चेयरमैन सुजाराम प्रजापत, चिकित्सा अधिकारी, अस्पताल का चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

